शिवपुरी। जिले के बदरवास तहसील क्षेत्र स्थित खतोरा सेवा सहकारी सोसायटी के खरीदी केंद्र पर काम करने वाले हम्मालों ने मजदूरी का भुगतान नहीं होने की शिकायत कलेक्टर से की है। मंगलवार को जनसुनवाई में पहुंचे हम्मालों ने कलेक्टर के नाम आवेदन सौंपकर बकाया मजदूरी का भुगतान करवाने की मांग की।
22 हम्मालों की मजदूरी बकाया
शिकायत में बताया गया है कि सोसायटी खतोरा में हम्माली (मजदूरी) का कार्य करने वाले 22 सदस्य हैं। ये हम्माल समर्थन मूल्य योजना के तहत कृषि उपज की खरीदी के दौरान अनाज की बोरियां उठाने, तुलाई करने, गाड़ी भरने और अन्य कार्य करते हैं। शिकायत के अनुसार, हम्मालों की करीब 2 लाख 3 हजार रुपए की मजदूरी सोसायटी पर बकाया है, जिसका भुगतान नहीं किया जा रहा है।
कई बार मांग के बाद भी भुगतान नहीं
हम्मालों ने आरोप लगाया कि मजदूरी के भुगतान को लेकर सोसायटी के प्रबंधक एवं संबंधित कर्मचारियों से कई बार अनुरोध किया गया, लेकिन अब तक राशि नहीं मिली है। आवेदन में बताया गया है कि मजदूरी नहीं मिलने से हम्मालों की आर्थिक स्थिति खराब हो गई है और परिवार के भरण-पोषण में परेशानी हो रही है।
कलेक्टर से भुगतान करवाने की मांग
हम्मालों ने कलेक्टर से आवेदन स्वीकार कर उनकी बकाया मजदूरी का भुगतान करवाने की मांग की है। साथ ही संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच कराकर मजदूरी की राशि जल्द दिलाने की मांग की गई है।





