शिवपुरी। कोलारस तहसील के ग्राम पिपरौदा बुजुर्ग निवासी किसान देवीचरण लोधी ने प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्था मर्यादित पचावली से जुड़े कथित फर्जी ऋण को लेकर कलेक्टर से शिकायत की है। किसान ने आरोप लगाया है कि उसने खाद-बीज के लिए 32 हजार रुपए का ऋण लिया था, जिसकी पूरी राशि 12 अप्रैल 2021 को अनाज खरीदी केंद्र पर उपज बेचने के दौरान काट ली गई थी। इसके बावजूद अब उसके नाम करीब 48 हजार रुपए का कर्ज बताया जा रहा है।
किसान के अनुसार, बैंक खाते का स्टेटमेंट निकलवाने पर 15 फरवरी 2020 को 48,140 रुपए की राशि चेकबुक के माध्यम से निकाले जाने की जानकारी सामने आई। देवीचरण का आरोप है कि उसने न तो यह ऋण लिया और न ही इस राशि के बदले खाद-बीज प्राप्त किए। उसने दावा किया कि उसके नाम कथित रूप से फर्जी चेकबुक जारी कर फर्जी हस्ताक्षर के जरिए राशि निकाली गई।
देवीचरण लोधी ने कलेक्टर को दिए आवेदन में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और यदि आरोप सही पाए जाएं तो संबंधित दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही किसान के नाम दर्ज कथित ऋण को निरस्त कराने तथा उसे दोबारा खाद-बीज उपलब्ध कराने की मांग की गई है।





