शिवपुरी। ग्वालियर बायपास रोड स्थित सेलीब्रेशन मैरिज गार्डन में लगातार चोरी की घटनाओं से परेशान संचालक भूपसिंह कुशवाह ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने पूर्व में हुई दो चोरी की घटनाओं में ठोस कार्रवाई नहीं होने और 9 सितंबर को चोरी करते पकड़े गए युवक के पुलिस से भाग जाने का आरोप लगाते हुए चोरी गया सामान बरामद कराने तथा आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
भूपसिंह कुशवाह ने शिकायत में बताया कि मैरिज गार्डन की रसोई में शादी और अन्य कार्यक्रमों में उपयोग होने वाले बर्तन रखे थे। उनके अनुसार, 25 मार्च 2026 को रसोई से करीब 30 बाल्टी, 20 जग, 30 तस्सल, 50 चम्मच, 30 थाल, 30 ढक्कन, 5 परात सहित करीब 1 लाख रुपए का सामान चोरी हुआ था। इसके बाद 19 अगस्त 2026 को भी चोरी की घटना हुई, जिसमें 5 छोटे भगोने, पिसाई मशीन की मोटर, 20 थाल, 50 बड़े भगोनों के ढक्कन, कैंटीन की भट्टी, एलईडी काउंटर की करीब 800 फीट कॉपर वायर, 20 बाल्टी, 150 बड़े चम्मच और 10 बीआईपी डोंगा सेट सहित करीब 2 लाख रुपए का सामान चोरी होने की शिकायत की गई।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, दोनों घटनाओं की सूचना फिजिकल थाने में दी गई थी। इसके बाद 9 सितंबर को एक युवक को गार्डन से बर्तन चोरी करते हुए पकड़ लिया गया। शिकायत में युवक की पहचान छोटे खान निवासी चिलौद घोसीपुरा के रूप में बताई गई है। आरोप है कि पूछताछ में उसने अपने दो साथियों रोहित पंडित उर्फ चैटी और धर्मेन्द्र राठौर के नाम बताए तथा पूर्व में चोरी किए गए सामान को राज राठौर कबाड़ी को बेचने की बात बताई। शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि होटल सोन चिरैया के पास स्थित कबाड़ी की दुकान पर चोरी का कुछ सामान मौजूद है और इसका वीडियो भी उसके पास है।
भूपसिंह कुशवाह का आरोप है कि पकड़े गए युवक को वह फिजिकल थाने लेकर पहुंचे थे, लेकिन वह वहां से भाग गया। इसके बाद कार्रवाई नहीं होने से परेशान होकर उन्होंने 14 सितंबर को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत देकर चोरी गया पूरा सामान बरामद कराने, कथित आरोपियों और चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने तथा परिवार की सुरक्षा की मांग की है। शिकायत के साथ वीडियो भी संलग्न किया गया है।






