शिवपुरी। अमोला थाना क्षेत्र में लाइसेंसी कंपोजिट शराब दुकान में तोड़फोड़, शराब की बोतलें फोड़ने, दुकान में आग लगाने, दुकान कर्मचारी से मारपीट व अभद्रता तथा पुलिस और आबकारी विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ मारपीट एवं शासकीय कार्य में बाधा डालने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने सरपंच छोटेराजा गुर्जर और जनपद सदस्य दुष्यंत परमार समेत कुल 21 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, अमोला क्षेत्र में हुई घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामदास प्रजापति एवं एसडीओपी करैरा के मार्गदर्शन में अमोला थाना प्रभारी उनि योगेंद्र सिंह सेंगर, सुरवाया थाना प्रभारी उनि प्रियंका पाराशर, मगरौनी चौकी प्रभारी उनि अभिमन्यु सिंह, अमोलपठा चौकी प्रभारी अंजली सिंह तथा थनरा चौकी प्रभारी उनि अनुराधा सिंह और उनकी टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में ग्राम गणेशखेड़ा निवासी सरपंच छोटेराजा पुत्र भरौसीराम गुर्जर, उम्र 42 वर्ष तथा ग्राम अमोलपठा निवासी जनपद सदस्य दुष्यंत परमार पुत्र वीरसिंह परमार, उम्र 35 वर्ष भी शामिल हैं। आरोपियों पर लाइसेंसी कंपोजिट शराब दुकान में घुसकर शराब निकालने, दुकान में आग लगाने, कर्मचारी से मारपीट एवं अश्लील गाली-गलौज करने के साथ पुलिस और आबकारी विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों से मारपीट, शासकीय कार्य में बाधा डालने तथा शासकीय वाहन में तोड़फोड़ करने के आरोप हैं।
पुलिस ने गिरफ्तार किए गए सभी 21 आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की भी पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए धरपकड़ जारी है।




