,

रामवीर गुर्जर की 8 लाख की 11 भैंसें जंगल से बरामद, गोपालपुर पुलिस ने मालिक को लौटाईं / Shivpuri News

शिवपुरी। गोपालपुर थाना क्षेत्र में गुम हुईं 11 भैंसों को पुलिस ने पाडरखेड़ा के जंगल में सर्चिंग कर सकुशल बरामद कर लिया। बरामद भैंसों की कुल कीमत करीब 8 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने सभी भैंसों को उनके मालिक रामवीर गुर्जर के सुपुर्द कर दिया।

जानकारी के अनुसार, ग्राम ईमलिया निवासी रामवीर गुर्जर ने 13 सितंबर को गोपालपुर थाने में सूचना दी थी कि उसकी 11 भैंसें ग्राम पाडरखेड़ा के जंगल में चरते समय कहीं गुम हो गई हैं। काफी तलाश करने के बाद भी भैंसों का पता नहीं चल सका था। सूचना पर पुलिस ने गुम मवेशी दर्ज कर तलाश शुरू की और वरिष्ठ अधिकारियों को मामले से अवगत कराया।

पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामदास प्रजापति एवं एसडीओपी पोहरी आनंद राय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी गोपालपुर राधेश्याम शिवहरे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पाडरखेड़ा के जंगल में सर्चिंग की। लगातार प्रयास के बाद 14 सितंबर को सभी 11 भैंसें सकुशल मिल गईं, जिन्हें रामवीर गुर्जर के सुपुर्द कर दिया गया।

कार्रवाई में सउनि श्यामलाल खरगे, आरक्षक दधिराम गुर्जर, राहुल जाट, तरुण मांढरे एवं प्रधान आरक्षक चालक दिलीप ओझा का सराहनीय योगदान रहा।


संबंधित खबरें