शिवपुरी। नवाब साहब रोड पर रवि दूध डेयरी के पास रविवार दोपहर एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने सामने से आ रही इलेक्ट्रिक स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार आरुषि शर्मा और अवनी शर्मा घायल हो गईं। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल शिवपुरी ले जाया गया।
जानकारी के अनुसार विकास शर्मा ने बताया कि दोपहर करीब 2:15 बजे उनकी भतीजी आरुषि शर्मा का फोन आया, जिसमें उसने एक्सीडेंट होने की जानकारी दी। मौके पर पहुंचने पर आरुषि और अवनी घायल अवस्था में स्कूटी के पास मिलीं। अस्पताल में आरुषि ने बताया कि वह अवनी के साथ इलेक्ट्रिक स्कूटी से कोर्ट रोड पर सामान लेने जा रही थी। इसी दौरान रवि दूध डेयरी के पास सामने से आ रहे नीले रंग के बिना नंबर वाले फार्मट्रैक ट्रैक्टर के चालक ने ट्रैक्टर को तेज व लापरवाही से चलाते हुए उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी।
टक्कर से दोनों सड़क पर गिर गईं। आरुषि के दाएं हाथ की कलाई, कमर, बाएं घुटने और पंजे में चोट आई, जबकि अवनी के बाएं हाथ की कोहनी और बाएं पैर के घुटने में चोट लगी। हादसे में स्कूटी और मोबाइल भी क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के दौरान मौके पर मौजूद सोवरन रावत और देवेंद्र शर्मा ने दोनों को उठाया। मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




