शिवपुरी। शहर के देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत लुधावली स्थित कब्रिस्तान के पास वन विभाग की जमीन पर अतिक्रमण कर रह रहे कंजर समुदाय के परिवारों के खिलाफ कार्रवाई की गई। बताया गया कि बाहर से आकर करीब 8 से 10 परिवारों ने यहां टपरे बनाकर रहना शुरू कर दिया था। इन पर बाहर से कच्ची शराब लाकर बेचने जैसी अवैध गतिविधियों में शामिल होने के आरोप थे। कार्रवाई के दौरान मौके पर बनाए गए टपरों को नष्ट कर परिवारों को वन विभाग की जमीन से हटाया गया।
कार्रवाई के दौरान आबकारी विभाग की टीम ने कच्ची शराब भी जब्त की है। वहीं, वन विभाग की जमीन पर रह रहे कुछ आदिवासी परिवारों को समझाइश दी गई कि वे जल्द से जल्द जमीन खाली कर दें। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई की।
मौके पर वन विभाग के एसडीओ शैलेंद्र तिवारी, देहात थाना प्रभारी विकास यादव, आबकारी उपनिरीक्षक तीर्थराज भारद्वाज और आबकारी उपनिरीक्षक राहुल गुप्ता मौजूद रहे। कार्रवाई के दौरान वन विभाग, पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण हटाने के साथ ही कच्ची शराब के खिलाफ भी कार्रवाई की।






