,

भजन गाकर पुलिस को सुनाई खरी-खोटी, अवैध जहरीली कच्ची शराब और बस्ती के बीच खुली शासकीय शराब दुकान हटाने की मांग, 10 दिन का अल्टीमेटम / Shivpuri News

शिवपुरी जिले की खनियांधाना तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत गूडर में अवैध जहरीली कच्ची शराब और आदिवासी बस्ती के बीच संचालित शासकीय शराब दुकान के विरोध में आदिवासी महिलाओं और ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया। अपनी मांगों को लेकर थाने पहुंचीं महिलाओं ने पुलिस और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। विरोध प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने भजन गाकर भी अपनी नाराजगी जताई।

जानकारी के अनुसार, महिलाओं और ग्रामीणों ने तहसीलदार निशिकांत जैन एवं थाना प्रभारी संजय सिंह किरार को ज्ञापन सौंपकर गांव में चल रहे अवैध कच्ची शराब के कारोबार पर रोक लगाने तथा बस्ती के बीच संचालित शराब दुकान को हटाने की मांग की। ज्ञापन सौंपने के बाद महिलाओं ने थाने के भीतर और परिसर में बैठकर नारेबाजी की। इस दौरान “अवैध शराब बंद करो” और “पुलिस तेरी गुंडागर्दी नहीं चलेगी” जैसे नारे लगाए गए।

भजन गाकर जताया विरोध

प्रदर्शन का सबसे अनोखा नजारा उस समय देखने को मिला, जब महिलाएं थाने परिसर में जमीन पर बैठ गईं और सामूहिक रूप से “श्री राम जय राम जय जय राम” की राम धुन गाने लगीं। एक ओर महिलाएं तीखे नारों के जरिए पुलिस-प्रशासन के खिलाफ अपना आक्रोश जता रही थीं, वहीं दूसरी ओर भजन के माध्यम से विरोध दर्ज करा रही थीं। महिलाओं के इस अनोखे प्रदर्शन ने मौके पर मौजूद लोगों का ध्यान खींचा।

10 दिन का अल्टीमेटम, कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन की चेतावनी

ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में अवैध कच्ची शराब का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है। वहीं आदिवासी बस्ती के बीच शराब दुकान होने के कारण महिलाओं और छात्राओं को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने प्रशासन को 10 दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि इस अवधि में अवैध शराब के ठिकानों पर कार्रवाई कर उन्हें नष्ट नहीं किया गया और शराब दुकान नहीं हटाई गई, तो वे उग्र आंदोलन करेंगी। महिलाओं ने थाना परिसर में अनिश्चितकालीन धरना देने और खुद अवैध शराब के ठिकानों को नष्ट करने की चेतावनी भी दी है। अब देखना होगा कि प्रशासन ग्रामीणों की मांगों पर क्या कार्रवाई करता है।


संबंधित खबरें