शिवपुरी: जिले के भौंती थाना अंतर्गत खोड़ चौकी क्षेत्र के ग्राम गणेशखेड़ा में उस समय सनसनी फैल गई, जब तीन दिन से लापता चल रहे एक युवक का शव गांव के एक कुएं में मिला।
जानकारी के अनुसार बीस वर्षीय युवक महेंद्र पुत्र जसरथ लोधी निवासी गणेश खेड़ा पिछले तीन दिनों से घर से लापता था। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान कुएं में युवक का शव दिखाई देने पर ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। वहीं युवक की मौत को लेकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।





