शिवपुरी। शहर के वार्ड क्रमांक 35 स्थित ढीमर मोहल्ला के रहवासी मंगलवार को जनसुनवाई में कलेक्ट्रेट पहुंचे। वार्डवासियों ने कलेक्टर को आवेदन सौंपकर मोहल्ले के मुख्य मार्ग से अतिक्रमण हटाने और क्षतिग्रस्त सड़क का निर्माण कराने की मांग की।
शिकायत में बताया कि मोहल्ले के अंदर जाने वाले मुख्य रास्ते पर कुछ लोगों ने कथित रूप से चबूतरे एवं अन्य निर्माण कर अतिक्रमण कर लिया है। इससे सड़क काफी संकरी हो गई है और लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। रहवासियों का कहना है कि कई बार बड़े वाहनों का निकलना भी मुश्किल हो जाता है।
वार्डवासियों ने आवेदन में यह भी बताया कि बरसात के दिनों में सड़क पर पानी भर जाता है। सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। विशेष रूप से छोटे-छोटे बच्चों को स्कूल आने-जाने में दिक्कत होती है, क्योंकि हल्की बारिश में भी रास्ता जलमग्न हो जाता है।
रहवासियों ने कलेक्टर से मांग की है कि संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर मुख्य मार्ग से अतिक्रमण हटाया जाए तथा नई सड़क का निर्माण कराया जाए, ताकि ढीमर मोहल्ले के लोगों को आवागमन में राहत मिल सके।






Be First to Comment