शिवपुरी। जिले की पोहरी तहसील के मेहदेवा क्षेत्र की एक 20 वर्षीय विवाहिता ने अपने पति सहित ससुराल पक्ष के छह लोगों पर दहेज की मांग, मारपीट, घरेलू हिंसा और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने संबंधित अधिकारियों को शिकायती आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, भागो कुशवाह, निवासी ग्राम मेहदेवा, का विवाह वर्ष 2024 में ग्राम छर्च निवासी गजरा कुशवाह के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। विवाह के दौरान मायके पक्ष ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार सोने-चांदी के आभूषण, गृहस्थी का सामान और 21 हजार रुपये नकद दिए थे। पीड़िता ने बताया कि वह वर्तमान में सात माह की गर्भवती है।
पीड़िता का आरोप है कि विवाह के लगभग एक वर्ष बाद से पति गजरा कुशवाह, सास वत्तो, ससुर करनजीत, जेठ कन्हई, शिशुपाल तथा जेठानी निक्की द्वारा उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा। आरोप है कि उसके साथ मारपीट की गई, गाली-गलौज की गई और मानसिक रूप से लगातार परेशान किया गया।
विवाहिता ने बताया कि पहले भी मारपीट के बाद वह मायके आ गई थी। बाद में ससुराल पक्ष ने समझौते का आश्वासन दिया और कथित रूप से 50 हजार रुपये लेने के बाद उसे वापस ससुराल ले गया। लेकिन वहां पहुंचने के बाद फिर से प्रताड़ना शुरू हो गई। पीड़िता का आरोप है कि अब उससे 10 लाख रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल की मांग की जा रही है।
पीड़िता का कहना है कि मायके लौटने के बाद से उसके पति ने उसके भरण-पोषण की कोई व्यवस्था नहीं की है। गर्भावस्था के दौरान आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना कर रही विवाहिता ने अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और घरेलू हिंसा के तहत विधिसम्मत कार्रवाई करने की मांग की है।






Be First to Comment