शिवपुरी जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के छितिपुर गांव स्थित एक मंदिर में इंसानी मल-मूत्र फेंके जाने का मामला सामने आया है। घटना बुधवार सुबह की है। जानकारी मिलते ही गांव में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में एकत्र हो गए। सूचना पर दिनारा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
मंदिर के पुजारी ओमप्रकाश ने बताया कि वह मंदिर परिसर में बने कमरे में सो रहे थे। सुबह करीब साढ़े चार बजे उन्होंने गांव के रहने वाले सतीश जाटव को मंदिर की ओर से भागते हुए देखा। जब वह मंदिर के अंदर पहुंचे तो माता मंदिर और भगवान शंकर के स्थान पर इंसानी मल-मूत्र पड़ा मिला। मंदिर के अन्य हिस्सों में भी गंदगी फैलाई गई थी, जिससे ग्रामीणों की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी सतीश जाटव को हिरासत में ले लिया। जब पुलिस उसे वाहन में बैठाकर थाने ले जाने लगी तो उसके परिजनों ने वाहन रोकने का प्रयास किया, हालांकि पुलिस आरोपी को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई।
दिनारा थाना प्रभारी रविन्द्र सिंह कुशवाह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम गांव पहुंची थी। संबंधित युवक को कस्टडी में लेकर पूछताछ की जा रही है। परिजनों का कहना है कि युवक मानसिक रूप से विक्षिप्त है। पुलिस उसके मेडिकल दस्तावेजों की जांच कर रही है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।






Be First to Comment