शिवपुरी। दीपावली पर्व को देखते हुए अवैध पटाखों के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फिजिकल थाना पुलिस ने 300 देशी पटाखे जब्त किए हैं। पुलिस ने मौके से प्रेम शाक्य (54) निवासी गणेश कॉलोनी, फिजिकल शिवपुरी को गिरफ्तार किया है। जब्त पटाखों की कीमत करीब 8 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 26 अक्टूबर को थाना प्रभारी निरीक्षक अविनाश राठौड़ को अवैध पटाखों के परिवहन की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने बारादरी स्थित गणेश गौरी कुंड के पास कार्रवाई की। यहां एक व्यक्ति प्लास्टिक का कट्टा लेकर खड़ा था। पुलिस को देखकर उसने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया।
कट्टे की तलाशी लेने पर उसमें हाथ से बने बड़े देशी पटाखों के 30 पैकेट मिले, जिनमें कुल 300 पटाखे रखे थे। पुलिस ने आरोपी से पटाखों के परिवहन संबंधी वैध लाइसेंस के बारे में पूछा तो उसके पास लाइसेंस नहीं मिला। इसके बाद भारतीय विस्फोटक अधिनियम, 1884 की धारा 9(ख) के तहत कार्रवाई करते हुए पटाखों को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
इनकी रही भूमिका: कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अविनाश राठौड़, उपनिरीक्षक रामेंद्र सिंह चौहान, प्रधान आरक्षक अमित कुमार, प्रधान आरक्षक विजय सेंगर, आरक्षक नरेंद्र राठौर और आरक्षक सागर की भूमिका रही।
दीपावली से पहले पुलिस का एक्शन: कट्टे में भरकर ले जा रहा था 300 देशी पटाखे, प्रेम शाक्य गिरफ्तार / Shivpuri News



