शिवपुरी। जिले में प्रेम विवाह के बाद एक नवविवाहित जोड़े ने अपनी जान-माल की सुरक्षा को लेकर पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपा है। आवेदन में युवती ने बताया कि उसने अपनी मर्जी से मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह किया है और अब उसे अपने परिजनों से खतरा है। इसी कारण दोनों ने पुलिस से सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, नीतू केवट (18 वर्ष), निवासी आसपुर, थाना भौंती ने बताया कि उसने 7 जुलाई 2026 को अंकेश कुमार पाल (21 वर्ष), निवासी जयनगर, थाना अमोला के साथ मंदिर में जयमाला डालकर विवाह किया। युवती ने आवेदन में कहा कि दोनों बालिग हैं और उन्होंने बिना किसी दबाव, प्रलोभन या भय के अपनी स्वतंत्र इच्छा से विवाह किया है।
युवती ने यह भी स्पष्ट किया कि वह अपने घर से केवल पहने हुए कपड़ों में आई है तथा अपने साथ किसी प्रकार का जेवर, नकदी या अन्य सामान नहीं लाई है। युवती ने बताया की उसके परिजन उसके पति या ससुराल पक्ष के खिलाफ कोई शिकायत दर्ज कराते हैं तो उसकी निष्पक्ष जांच की जाए।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि युवती को अपने परिजनों से जान-माल का खतरा है। इसलिए अंकेश कुमार पाल एवं उसके परिवार को पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही, युवती ने कहा है कि यदि उसके परिवार द्वारा पति के खिलाफ कोई झूठी शिकायत की जाती है तो उसे स्वीकार न किया जाए, क्योंकि वह अपनी इच्छा से पति के साथ रहना चाहती है।






Be First to Comment