शिवपुरी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रस्तावित दौरे से एक दिन पहले शहर की सियासत गरमा गई। भाजपा और कांग्रेस के बागी समेत 14 पार्षदों ने शहर में रैली निकालकर नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उन्हें पद से हटाने की मांग की।
रैली के दौरान पार्षदों ने “गली-गली में शोर है, नगरपालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा चोर हैं”, “शहर में विकास कराना है तो गायत्री शर्मा को हटाना है”, “भ्रष्टाचार बंद करो” और “शिवपुरी को नर्क बनाने वालों को…” जैसे नारे लगाए।
यह विरोध अचानक नहीं हुआ। इससे पहले बागी पार्षद करैरा के बगीचा सरकार में अध्यक्ष को हटाने की कसम खा चुके हैं। इसके बाद उन्होंने माधव चौक पर धरना-प्रदर्शन भी किया था। हाल ही में पार्षद दिल्ली जाकर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से भी मिले थे, जहां उन्हें कार्रवाई का आश्वासन मिलने का दावा किया गया। आरोप है कि अब तक कोई कार्रवाई नहीं होने से नाराज पार्षदों ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से ठीक पहले शहर में रैली निकालकर विरोध तेज कर दिया।





