शिवपुरी। बदरवास थाना क्षेत्र के ग्राम मदनपुर निवासी रामवीर गुर्जर ने पुलिस अधीक्षक शिवपुरी को आवेदन देकर आरोप लगाया है कि उनके 6 वर्षीय बेटे सचिन गुर्जर की पड़ोसियों ने कथित रूप से कुल्हाड़ी से हाथ की उंगलियां काट दीं। मामले में निष्पक्ष जांच, एफआईआर दर्ज करने और परिवार की सुरक्षा की मांग की गई है।
जानकारी के अनुसार, 1 जुलाई 2026 की शाम सचिन घर के पास खेल रहा था। आरोप है कि पड़ोसी आनंद गुर्जर और उदयभान गुर्जर उसे अपने घर ले गए और वहां कुल्हाड़ी से उसके बाएं हाथ के अंगूठे व एक उंगली को काट दिया। घायल बच्चे के घर पहुंचने पर परिजनों को घटना की जानकारी मिली।
पीड़ित का आरोप है कि शिकायत करने पर आरोपियों ने पूरे परिवार के साथ गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और अगले दिन लाठी-डंडों से हमला भी किया। आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि बदरवास थाने में उनकी शिकायत पर एफआईआर दर्ज नहीं की गई, जबकि दूसरी ओर आरोपियों की ओर से दर्ज शिकायत पर कार्रवाई की गई।
रामवीर गुर्जर ने एसपी से बच्चे का मेडिकल परीक्षण कराकर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, निष्पक्ष जांच कराने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।








Be First to Comment