शिवपुरी। जिले की एक ग्राम पंचायत के प्रधानमंत्री आवास योजना हितग्राहियों ने कलेक्टर को शिकायत सौंपकर सरपंच पति पर अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत में कहा गया है कि पहली किस्त मिलने के बाद प्रत्येक हितग्राही से 10 हजार रुपये की मांग की जा रही है।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत गुरिछा के सरपंच नीलम तोमर के पति बुजेंद्र सिंह उर्फ राजा भैया पर आरोप है कि जो हितग्राही रुपये देने से इनकार कर रहे हैं, उनके मकानों की दूसरी किस्त के लिए आवश्यक जियो-टैग फोटो नहीं खिंचवाई जा रही हैं। इससे प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है।
हितग्राहियों का कहना है कि पहली किस्त से उन्होंने मकान निर्माण का कार्य शुरू कर दिया है, लेकिन दूसरी किस्त नहीं मिलने से काम अधूरा पड़ा है। बरसात का मौसम नजदीक होने के कारण उन्हें आवास पूरा नहीं होने की चिंता सता रही है।
शिकायतकर्ताओं ने कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा रुकी हुई किस्त जारी कराने की मांग की है।







Be First to Comment