शिवपुरी। बदरवास जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत मांगरोल के ग्रामीणों ने सरपंच, ग्राम सचिव और ग्राम रोजगार सहायक पर भ्रष्टाचार एवं अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगाते हुए कलेक्टर शिवपुरी को शिकायत पत्र सौंपा है। शिकायत में कहा गया है कि संबंधित अधिकारियों के खिलाफ पूर्व में धारा 89 के तहत वसूली नोटिस जारी होने के बावजूद कथित भ्रष्टाचार पर रोक नहीं लगी है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सरपंच, सचिव और रोजगार सहायक द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना (कुटीर) की किश्त जारी कराने के नाम पर हितग्राहियों से 10 से 15 हजार रुपये तक की राशि वसूली जा रही है। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि जो हितग्राही राशि देने में असमर्थ रहते हैं, उनकी राशि अन्य खातों में डलवा दी जाती है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पंचायत में छोटे-छोटे कार्यों के बदले भी पैसे की मांग की जाती है, जिससे गांव में भारी नाराजगी व्याप्त है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि संबंधित अधिकारियों के खिलाफ पहले भी कई शिकायतें और जांच हो चुकी हैं तथा वसूली नोटिस भी जारी किए जा चुके हैं, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि सरपंच, सचिव और रोजगार सहायक के खिलाफ उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोषी पाए जाने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए।







Be First to Comment