शिवपुरी। शहर के झांसी तिराहा क्षेत्र निवासी एक महिला ने अपने ही माता-पिता, भाई और भाभी पर मकान से बेदखल करने, धमकाने तथा झूठे केस में फंसाने की धमकी देने के आरोप लगाते हुए देहात थाना पुलिस को शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता प्रीति परिहार पत्नी पंकज परिहार ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2011 में अपनी मर्जी से पंकज परिहार निवासी बांसखेड़ी के साथ प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद दोनों के दो बच्चे हुए और परिवार का जीवन सामान्य रूप से चल रहा था।
महिला का आरोप है कि करीब 10 वर्ष पूर्व उनके पति पंकज परिहार और ससुराल पक्ष द्वारा उनके माता-पिता को 1.50 लाख रुपये दिए गए थे, जिससे शिवपुरी की गौशाला क्षेत्र में एक प्लॉट खरीदा गया था। बाद में उक्त प्लॉट पर कमरे और दुकान का निर्माण भी कराया गया, जिसमें समय-समय पर आर्थिक सहयोग किया गया।
आवेदन में कहा गया है कि परिवार द्वारा करीब 9 दिन पहले उन्हें उक्त मकान में रहने के लिए दिया गया था, लेकिन 22 जून 2026 की रात करीब 12:30 बजे माता-पिता, भाई और भाभी वहां पहुंचे और मकान खाली करने का दबाव बनाया। महिला का आरोप है कि विरोध करने पर उन्हें जान से मारने तथा झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई।
प्रीति परिहार ने अपनी शिकायत में यह भी कहा है कि उनके माता-पिता और अन्य परिजन अब मकान पर उनका कोई अधिकार नहीं मान रहे हैं तथा जबरन कब्जा हटाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने आशंका जताई है कि उनके साथ किसी भी समय कोई अप्रिय घटना हो सकती है।
महिला ने पुलिस से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाए, उन्हें सुरक्षा प्रदान की जाए तथा विवादित मकान और प्लॉट से बेदखल किए जाने से बचाया जाए।







Be First to Comment