Press "Enter" to skip to content

रिपोर्ट वापस लेने का दबाव या दबंगई? खेत विवाद के बाद कोर्ट परिसर के बाहर मारपीट का आरोप / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के पिछोर क्षेत्र के ग्राम गुरुकदवाया में खेत की तार फेंसिंग को लेकर शुरू हुआ विवाद अब पुलिस और न्यायालय तक पहुंच गया है। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि पहले खेत पर हमला किया गया और बाद में रिपोर्ट वापस लेने का दबाव बनाते हुए न्यायालय परिसर के बाहर भी मारपीट की गई।

जानकारी के अनुसार ग्राम गुरुकदवाया निवासी रोशनी धाकड़ ने महिला थाना शिवपुरी में दिए आवेदन में बताया कि 21 जून को खेत की तार फेंसिंग को लेकर गांव के जगदीश जाटव, संजीव जाटव और अशोक जाटव से विवाद हो गया था। महिला का आरोप है कि इस दौरान उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। वहीं संजीव जाटव द्वारा कुल्हाड़ी से हमला किए जाने से उनके पैर में गंभीर चोट आई। घायल अवस्था में उन्हें पहले पिछोर अस्पताल और बाद में जिला अस्पताल शिवपुरी में भर्ती कराया गया।

पीड़ित पक्ष के अनुसार, मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर सोमवार को रोशनी धाकड़ के पति अनिल धाकड़, देवर रामभरत धाकड़, नीतेश धाकड़ एवं रिश्तेदार हरीचरण धाकड़ न्यायालय और एसपी कार्यालय पहुंचे थे। आरोप है कि न्यायालय के बाहर आवेदन टाइप कराने के दौरान अशोक जाटव, संजीव जाटव, लखन जाटव समेत अन्य लोग वहां पहुंचे और दर्ज कराई गई रिपोर्ट वापस लेने का दबाव बनाने लगे।

शिकायत में कहा गया है कि रिपोर्ट वापस लेने से इनकार करने पर आरोपियों ने मारपीट की। पीड़ित परिवार का यह भी आरोप है कि इस दौरान एफआईआर की कॉपी छीनकर फाड़ दी गई और रिपोर्ट वापस नहीं लेने पर जान से मारने की धमकी दी गई।

घटना के बाद पीड़ित परिवार ने एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!