Press "Enter" to skip to content

विश्व योग दिवस पर जिनियस एकेडमी के विद्यार्थियों ने किया सामूहिक योगाभ्यास, शिक्षा और संस्कारों का दिया संदेश / Shivpuri News

भौंती। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शिवपुरी जिले सहित भौंती कस्बे में भी योग दिवस उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। भौंती स्थित जिनियस एकेडमी संस्थान में छात्र-छात्राओं ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सांसद प्रतिनिधि मनीष अग्रवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है। उन्होंने छात्रों को नियमित योग करने का संकल्प दिलाते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बल्कि मानसिक संतुलन और एकाग्रता के लिए भी आवश्यक है।

संस्थान संचालक केशव सिंह बघेल ने कहा कि बच्चों की भावनाओं और आवश्यकताओं को समझना एक शिक्षक की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पढ़ाने वाला नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का अच्छा मार्गदर्शक और मित्र भी होना चाहिए। उन्होंने बताया कि जिनियस एकेडमी में स्कूली शिक्षा के साथ-साथ जीवन मूल्यों, संस्कृति और संस्कारों पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। संस्थान पूर्णतः डिजिटल है और यहां के विद्यार्थियों ने हर वर्ष जिले में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।

कार्यक्रम में सरस्वती शिशु मंदिर भौंती के प्राचार्य बृजेंद्र यादव ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के लिए चाहे कितनी भी कठिनाइयों का सामना करना पड़े, हमें शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए। शिक्षा के बल पर व्यक्ति जीवन में किसी भी लक्ष्य को प्राप्त कर सकता है।

इस अवसर पर शिवकुमार, हरिकिशन लोधी सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक एवं आधा सैकड़ा से अधिक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!