Press "Enter" to skip to content

खोड़ पहुंचे प्रभारी मंत्री: राशन दुकान का औचक निरीक्षण, योग दिवस पर किया योग और वृक्षारोपण / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के प्रभारी मंत्री एवं ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने शनिवार को पिछोर जनपद की ग्राम पंचायत खोड़ पहुंचकर शासकीय उचित मूल्य दुकान का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ कलेक्टर अर्पित वर्मा भी मौजूद रहे। मंत्री ने राशन वितरण केंद्र के स्टॉक रजिस्टर, पीओएस मशीन और खाद्यान्न की गुणवत्ता की जांच कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र हितग्राही को समय पर और सही मात्रा में राशन मिलना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राशन वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर अर्पित वर्मा ने भी अधिकारियों को खाद्यान्न वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने और शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसी अवसर पर ग्राम खोड़ के धार महादेव मंदिर परिसर में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का लाइव प्रसारण दिखाया गया और ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ थीम के तहत सामूहिक योगाभ्यास कराया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, विधायक देवेंद्र जैन, भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव तथा कलेक्टर अर्पित वर्मा ने मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर किया।

अपने संबोधन में मंत्री तोमर ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर और मन दोनों को स्वस्थ रखती है। उन्होंने लोगों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

योग दिवस कार्यक्रम के बाद प्रभारी मंत्री, कलेक्टर, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों ने धार महादेव मंदिर परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ विजय राज, एसडीएम ममता शाक्य, प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, ग्रामीणजन, युवा एवं योग साधक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!