शिवपुरी। जिले में एलपीजी गैस सिलेंडरों की किल्लत के बीच बैराड़ कस्बे में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए होटल, ढाबों और चाय-नाश्ता केंद्रों पर छापेमारी की। इस दौरान घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पाए जाने पर कुल 16 सिलेंडर जब्त किए गए।
जानकारी के अनुसार, आम उपभोक्ताओं को घरेलू गैस सिलेंडर आसानी से नहीं मिल पा रहे थे, जबकि बैराड़ क्षेत्र में दुकानदारों द्वारा इन्हें व्यवसाय में उपयोग करने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसी के चलते वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तहसीलदार दृगपाल वेस के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान कई दुकानों पर कमर्शियल सिलेंडर केवल दिखावे के लिए रखे मिले, जबकि वास्तविक उपयोग घरेलू सिलेंडरों का किया जा रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि कई दुकानदारों ने लंबे समय से अपने कमर्शियल सिलेंडर रिफिल नहीं कराए थे।
जब्त किए गए सभी सिलेंडरों को कालामढ़ इंडेन गैस एजेंसी की सुपुर्दगी में रखा गया है। मामले में आगे की कार्रवाई खाद्य विभाग द्वारा की जाएगी।











Be First to Comment