शिवपुरी। शहर के गांधी पार्क खेल मैदान में लग रहे कथित अवैध मेले को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। इस मामले में ओबीसी महासभा ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया है कि गांधी पार्क खेल मैदान में अवैध रूप से मेला संचालित किया जा रहा है, जिससे शहर के युवाओं, खिलाड़ियों और स्थानीय नागरिकों में आक्रोश है। संगठन का आरोप है कि पूर्व में सीएमओ और एसडीएम को शिकायत देकर मेला बंद कराने की मांग की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि वर्ष 2025 में सिद्धेश्वर मेले के दौरान आपराधिक तत्वों को मेले से दूर रखने के लिए पुलिस तैनाती की गई थी, लेकिन अब वही व्यक्ति वर्ष 2023-24 में हुए विवादों के बावजूद मेला लगा रहे हैं।
ओबीसी महासभा के प्रदेश प्रभारी जितेन्द्र लोधी ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही अवैध मेले को हटाकर कार्रवाई नहीं की गई तो 18 मार्च 2026 को शहर में सर्व समाज के साथ मिलकर रोड चक्का जाम किया जाएगा।
संगठन ने कहा कि यह शिवपुरी के सर्व समाज और ओबीसी महासभा की अंतिम चेतावनी है। ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, सांसद शिवपुरी-गुना और जिले के प्रभारी मंत्री को भी भेजी गई है।







Be First to Comment