शिवपुरी। ग्राम बलारपुर स्थित प्रसिद्ध बलारी माता मंदिर में आयोजित होने वाले चैत्र नवरात्रि मेले को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट रविन्द्र कुमार चौधरी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में 19 मार्च से 27 मार्च तक लगने वाले धार्मिक मेले की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों एवं मंदिर समिति के सदस्यों के साथ विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में मंदिर के पुजारी ने बताया कि 23 से 25 मार्च के बीच मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ अन्य दिनों की अपेक्षा अधिक रहने की संभावना है। इसे ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने संबंधित विभागों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि बलारी माता मंदिर वन क्षेत्र की सीमा में स्थित है, इसलिए वन्यजीवों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वन क्षेत्र में लाउडस्पीकर, ध्वनि विस्तारक यंत्र, डीजे-बैंड, पशु बलि तथा पॉलिथीन के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर तक जाने वाले मार्गों की मरम्मत, साफ-सफाई, पेयजल के लिए पानी के टैंकर, महिला व पुरुष शौचालय, फायर ब्रिगेड सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही मेला ग्राउंड, पार्किंग स्थल और अन्य प्रमुख स्थानों पर बैरिकेडिंग कराने को कहा गया।
कलेक्टर ने मेले के दौरान आकस्मिक चिकित्सा दल और एम्बुलेंस की ड्यूटी लगाने के भी निर्देश दिए। वहीं यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए निर्धारित मार्गों के अलावा अन्य रास्तों पर बैरिकेडिंग कर पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए। साथ ही निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और जरूरत पड़ने पर बैकअप व्यवस्था रखने को भी कहा गया।
बैठक में मंदिर समिति से अनुरोध किया गया कि प्रसाद की दुकानें नेशनल पार्क की सीमा के बाहर लगाई जाएं और श्रद्धालुओं से लाउडस्पीकर, डीजे, पॉलिथीन के उपयोग व पशु बलि से परहेज करने की अपील की जाए। साथ ही वन क्षेत्र में प्रसादी भंडारा न बनाने के लिए भी लोगों को जागरूक किया जाए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़, उपसंचालक नेशनल पार्क हरिओम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजीव मुले, एसडीएम आनंद राजावत सहित मंदिर के पुजारी, अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।







Be First to Comment