शिवपुरी। शहर के माधव चौक से ग्वालियर बायपास रोड पर स्कूटी की टक्कर के बाद विवाद बढ़ने पर कुछ युवकों द्वारा एक परिवार के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है।
नई की बगिया निवासी रामनिवास शर्मा उम्र 65 साल पुत्र स्व. बद्री प्रसाद शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 8 मार्च 2026 को दोपहर करीब 2 बजे वह अपनी कार MP33CA0915 से माधव चौक से ग्वालियर बायपास की ओर जा रहे थे। कार में उनके साथ उनका बेटा संयोग पाराशर, बहू सोनम शर्मा तथा पत्नी अनीता शर्मा भी मौजूद थीं।
आरोप है कि नई मधुरम स्वीट्स दुकान के सामने एक इलेक्ट्रिक स्कूटी सवार ने उनकी कार में पीछे से टक्कर मार दी। इसके बाद वहां मौजूद अरवाज नाम का युवक और उसके साथ आए 3–4 अन्य युवकों ने गाली-गलौज करते हुए रामनिवास शर्मा के साथ मारपीट कर दी। इस दौरान उनके बेटे संयोग पाराशर को भी लात-घूंसों से पीटा गया, जिससे दोनों को चोटें आईं।
बताया गया कि जब बहू सोनम शर्मा बीच-बचाव करने आई तो उसके साथ भी धक्का-मुक्की की गई, जिससे उसके कान का सोने का टॉप्स गिर गया। आरोपियों ने जाते-जाते परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







Be First to Comment