शिवपुरी। जिले के पिछोर थाना क्षेत्र के अढजार गांव में पानी पीने की बात को लेकर एक दलित युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना शुक्रवार शाम की बताई जा रही है। घायल युवक को इलाज के लिए पहले पिछोर स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार अढजार गांव निवासी राजकुमार वंशकार शुक्रवार शाम गांव की एक दुकान पर बीड़ी लेने गए थे। इसी दौरान उन्होंने दुकान पर रखी पानी की बोतल से पानी पी लिया। इसी बात को लेकर बदन गांव निवासी रावसिंह लोधी ने राजकुमार के साथ मारपीट कर दी।
पीड़ित की पत्नी का आरोप है कि घटना के बाद कुछ लोग उनके घर भी पहुंच गए और वहां भी राजकुमार के साथ मारपीट की। इस दौरान उसकी पत्नी के साथ भी मारपीट की गई और घर में तोड़फोड़ कर दी गई।
मारपीट में घायल राजकुमार को पहले पिछोर स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल शिवपुरी रेफर कर दिया गया। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।







Be First to Comment