शिवपुरी। जिले के भौंती कस्बे में दिनदहाड़े लूट की वारदात सामने आई है। पुलिस थाने से महज 250 मीटर दूर बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने एक महिला के गले से मंगलसूत्र झपट लिया और फरार हो गए। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे भौंती कस्बे के बाजार में यह घटना हुई। करैरा थाना क्षेत्र के कमरपुरा निवासी ललिता प्रजापति होली की दूज पर अपने मायके महोबा गांव (थाना भौंती) आई थीं। वे अपनी मां और बेटे के साथ पैदल बस स्टैंड की ओर जा रही थीं, ताकि ससुराल लौट सकें।
इसी दौरान सिरसौद–पिछोर मार्ग पर बाजार के बीच बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाश उनके पास पहुंचे। एक बदमाश ने झपट्टा मारकर महिला के गले से मंगलसूत्र छीन लिया और दोनों आरोपी बाइक से पिछोर की ओर फरार हो गए। घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए।
गौरतलब है कि यह वारदात भौंती थाने से महज 250 मीटर की दूरी पर हुई, जहां उस समय बाजार में सैकड़ों लोग मौजूद थे। इसके बावजूद बदमाश बेखौफ होकर लूट की वारदात को अंजाम देकर भाग निकले।
उल्लेखनीय है कि पिछले शनिवार को भी पिछोर थाना क्षेत्र में कट्टे की नोक पर एक महिला से दो मंगलसूत्र और चेन लूटने की घटना सामने आई थी। उस मामले में अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल है।
भौंती थाना प्रभारी घनश्याम भदोरिया ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की तलाश की जा रही है।







Be First to Comment