शिवपुरी। मध्य प्रदेश पुलिस के साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत करैरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अश्लील वीडियो रिकॉर्डिंग और डिजिटल गिरफ्तारी का डर दिखाकर लोगों से पैसे ठगने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अपराध में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
जानकारी के अनुसार आरोपी महिलाओं के नाम से फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाकर लोगों से अश्लील चैट करते थे और उनकी रिकॉर्डिंग कर लेते थे। इसके बाद स्वयं को पुलिस अधिकारी बताकर पीड़ितों को बलात्कार, चाइल्ड पोर्नोग्राफी जैसे गंभीर मामलों में फंसाने की धमकी देते थे और केस सेटल करने के नाम पर पैसों की मांग करते थे।
यह कार्रवाई प्रदेश स्तर पर चलाए जा रहे ऑपरेशन मेट्रिक्स के तहत की गई है। इस अभियान के माध्यम से साइबर अपराधियों और फर्जी बैंक खातों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देशन में साइबर अपराधों पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसडीओपी करैरा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार इस मामले में कुल 14 आरोपियों को आरोपी बनाया गया है, जिनमें से 4 आरोपी प्रिंस राय, राहुल लोधी, अजेन्द्र लोधी और अंकेश लोधी) को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। आरोपी पीड़ितों से अश्लील चैट कर उसकी रिकॉर्डिंग करते थे और बाद में पुलिस बनकर झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर पैसे वसूलते थे।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों द्वारा HIIU, TOKKI, MIKA, ELOELO, GAGA, HANI, SUGO, COMMECTO, HITSU, HONEY और COMET जैसे एप्लीकेशनों का उपयोग कर लोगों को जाल में फंसाया जाता था। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।







Be First to Comment