Press "Enter" to skip to content

शिवपुरी में शिक्षक पर रेप का आरोप, FIR दर्ज: ग्रामीणों ने पंचायत के बाद गिरफ्तारी रोकने और निष्पक्ष जांच की मांग / Shivpuri News

शिवपुरी: जिले के खोड़ चौकी क्षेत्र में एक शासकीय शिक्षक पर दुष्कर्म का आरोप लगा है। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है, लेकिन अब ग्राम पंचायत और ग्रामीणों ने शिक्षक को निर्दोष बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। परिजन और ग्रामीण शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और जांच पूरी होने तक गिरफ्तारी पर रोक लगाने की अपील की।

मामले में 35 वर्षीय पीड़िता ने आरोप लगाया कि वीरा गांव के शासकीय विद्यालय में पदस्थ शिक्षक चंद्रशेखर राय 26 जनवरी को दोपहर करीब 4 बजे उसके घर पहुंचे थे। उस समय पीड़िता का पति घर पर मौजूद नहीं था। पीड़िता के अनुसार, शिक्षक ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। घटना के बाद पीड़िता ने स्वयं चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिक जांच की। जांच के बाद, 30 जनवरी को आरोपी शिक्षक चंद्रशेखर राय के खिलाफ दुष्कर्म की धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

इस बीच, आरोपी शिक्षक के पिता सुरेश राय, ग्राम सरपंच रवि कुमार राय और बड़ी संख्या में ग्रामीण पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। उन्होंने बताया कि इस प्रकरण को लेकर गांव में समाज और ग्रामीणों की एक पंचायत बुलाई गई थी। पंचायत में सभी पक्षों को सुनने के बाद शिक्षक को निर्दोष माना गया।

पंचायत का मत है कि यह मामला आपसी पैसों के लेन-देन के विवाद से जुड़ा है, जिसे गलत तरीके से दुष्कर्म का रूप देकर दर्ज कराया गया है। ग्रामीणों ने यह भी दावा किया कि जिस दिन की घटना दर्ज कराई गई है, उस दिन शिक्षक गांव में मौजूद नहीं था। इस संबंध में पंचायत में चर्चा और तथ्य भी प्रस्तुत किए गए हैं।

सरपंच रवि कुमार राय ने पुलिस अधीक्षक से मांग की कि पंचायत के फैसले और ग्रामीणों की राय को भी जांच में शामिल किया जाए। उन्होंने निष्पक्ष जांच के साथ-साथ जांच पूरी होने तक शिक्षक की गिरफ्तारी पर रोक लगाने की अपील की।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!