शिवपुरी: जिले की बैराड़ अनाज मंडी में सरसों की फसल की खरीदी के दौरान किसानों और व्यापारियों के बीच विवाद हो गया। विवाद सरसों में नमी की मात्रा को लेकर हुआ, जिससे मंडी परिसर में कुछ देर के लिए हंगामे की स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंची पुलिस की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ।
जानकारी के अनुसार किसान सरसों की फसल लेकर मंडी पहुंचे थे, जहां डाक प्रक्रिया के बाद भाव भी तय कर दिया गया था। तुलाई के दौरान दो किसानों की सरसों में अधिक नमी पाए जाने पर व्यापारियों ने तय भाव पर खरीदी से इनकार कर दिया। व्यापारियों का कहना था कि ट्रॉली के ऊपर सूखी फसल रखी गई थी, जबकि नीचे नमी वाली सरसों भरी थी, जिससे डाक गलत लग गई।
वहीं किसानों ने डाक में तय भाव पर ही फसल खरीदे जाने की मांग की। विवाद बढ़ने पर थाना प्रभारी सुरेश शर्मा मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाइश दी। उन्होंने व्यापारियों को पूरी फसल की जांच के बाद खरीदी करने और किसानों को एक समान गुणवत्ता की फसल लाने की सलाह दी।
समझाइश के बाद व्यापारी तय भाव पर सरसों खरीदने को राजी हो गए, जिसके बाद मंडी का माहौल शांत हुआ और खरीदी का कार्य पुनः सुचारु रूप से शुरू हो गया।












Be First to Comment