शिवपुरी। करैरा थाने में पुलिस द्वारा करैरा के पूर्व बीएमओ की पत्नी के खिलाफ दर्ज किए गए धोखाधड़ी सहित कूटरचित दस्तावेज तैयार कराने के मामले में डाक्टर की पत्नी ने आज कई दस्तावेज और आडियो रिकार्डिंग पेश कर राजस्व विभाग के पटवारी और बाबूओं पर आरोप लगाया है कि उन्होंने पैसे नहीं मिलने के कारण जानबूझ कर रिकार्ड में आनलाइन छेड़छाड़ की है।
जानकारी के अनुसार वर्ष 2025 में श्वेता गुप्ता पत्नी डा प्रदीप शर्मा ने दिनारा के मंगल सरपंच से चार बीघा जमीन क्रय की थी। उक्त जमीन उन्होंने 13 फरवरी 2025 को दिनारा निवासी उमेश पुत्र चतुर्भुज गुप्ता को विक्रय कर दी। श्वेता शर्मा ने शनिवार को खुद पर दर्ज हुए मामले को लेकर एक प्रेसवार्ता में कुछ आडियो रिकार्डिंग पेश करते हुए कहा कि जब उन्होंने जमीन क्रय की तो रजिस्ट्री हुई नामांतरण भी उनके नाम पर हुआ। इसके बाद जब उन्होंने जमीन विक्रय की तो रजिस्ट्री हुई और नामांतरण उमेश गुप्ता के नाम पर हुआ। कहीं कोई परेशानी नहीं आई। जमीन के दस्तावेजों में कहीं भी कोई विक्रय से वर्जित जमीन का उल्लेख नहीं था, पिछले दस साल के दस्तावेजों में भी कहीं विक्रय से वर्जित का उल्लेख नहीं है। उन्होंने आडियो बताते हुए कहा कि, जब पटवारी और बाबू को पैसे नहीं मिले तो पटवारी द्वारा दस्तावेजों में आन लाइन छेड़छाड़ कर उस पर विक्रय से वर्जित अंकित कर दिया गया। इस मामले की जांच के लिए उन्होंने कलेक्टर व एसपी को भी आवेदन देकर मामले में उचित कार्रवाई कर सरकारी दस्तावेजों में छेड़छाड़ करने वाले कर्मचारियों पर उचित वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की है। इसके बाबजूद उमेश गुप्ता की शिकायत पर पुलिस ने उनके खिलाफ धाेखाधड़ी और कूटरचित दस्तावेज तैयार करने की शिकायत दर्ज कर दी है। श्वेता ने गुप्ता ने मामले में उचित कार्रवाई करते हुए पूरे मामले की जांच करने की मांग की है।
इनका कहना है
यह मामला अभी मेरे पास नहीं आया है। अगर मामला मेरे पास आता है तो प्रकरण में उचित जांच करवाने के बाद रिकार्ड के अनुसार कार्रवाई करते हुए वैधानिक कदम उठाया जाएगा।
कल्पना शर्मा
तहसीलदार करैरा







Be First to Comment