शिवपुरी: जिले के बदरवास कस्बे में दिनदहाड़े युवक पर हमला कर मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना गुरुवार दोपहर करीब 3:15 बजे बस स्टेंड एबी रोड पर हुई। पूरा घटनाक्रम पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जो शुक्रवार को सामने आया है।
गिर्राज गोयल पिता बिमल गोयल उम्र 29 साल निवासी बस स्टेंड बदरवास ने पुलिस को बताया कि वह स्कूटी से गोदाम से दुकान जा रहा था। जैसे ही हरनाम सिंह के बाड़े के पास पहुंचा, तभी सडबूड निवासी ऋषि यादव अपने दो साथियों के साथ आया और 18 सितंबर को पिता के एक्सीडेंट को लेकर विवाद करने लगा।
आरोप है कि गालियां देने से मना करने पर ऋषि यादव ने गिर्राज को धक्का देकर गिरा दिया और उसके बाद तीनों ने मिलकर लात-घूसों से मारपीट की। पीड़ित के मुताबिक हमले में उसके पीठ, कमर और हाथ में चोटें आईं। मारपीट के दौरान आरोपियों ने उसकी सोने की चेन भी छीन ली और जाते समय जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के दौरान दीपक कुशवाह, नीरज रजक और मोनू प्रजापति ने बीच-बचाव किया। पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





