शिवपुरी के कोतवाली क्षेत्र की गणेश कॉलोनी में शुक्रवार दोपहर 25 साल की काजल योगी ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। मायके वालों ने आरोप लगाया है कि काजल का पति सागर योगी शराब पीकर रोज उससे मारपीट करता था।
काजल मूल रूप से करैरा तहसील के सिलानगर गांव की रहने वाली थी। उसकी शादी 5 साल पहले शिवपुरी निवासी सागर योगी से हुई थी। उनके दो बच्चे भी हैं। काजल के भाई छोटू योगी ने बताया कि सागर शराब का आदी था और इसी वजह से पति-पत्नी के बीच झगड़े होते रहते थे।
भाई ने बताया कि मारपीट के कारण कई बार काजल को गंभीर चोटें आईं। कुछ समय पहले पिटाई में उसका कान का पर्दा भी फट गया था। गुरुवार रात और शुक्रवार सुबह भी सागर ने उसे पीटा, जिसके बाद काजल ने फांसी लगाकर जान दे दी।
मायके वालों का कहना है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या है। उन्होंने सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।







Be First to Comment