Press "Enter" to skip to content

शिवपुरी में मंदिर की मूर्तियां तोड़ीं, ससुराल आए दामाद पर तोड़फोड़ के आरोप, आरोपी फरार / Shivpuri News

शिवपुरी के बेरखेड़ी गांव में बुधवार रात मंदिर में स्थापित सिद्ध बाबा और माता की तीन मूर्तियां अज्ञात व्यक्ति ले तोड़ दी। गुरुवार सुबह जब ग्रामीण पूजा के लिए मंदिर पहुंचे तो टूटे हुए मूर्तियों को देखकर आक्रोशित हो उठे। उन्होंने परीक्षा गांव निवासी एक युवक पर तोड़फोड़ का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ग्रामीणों ने इस घटना का आरोप गांव निवासी लटूरी के दामाद साबू पर लगाया है, जो पोहरी थाना क्षेत्र के परीक्षा गांव का निवासी है। ग्रामीण रघुवीर ने बताया कि बुधवार रात साबू अपनी ससुराल बेरखेड़ी आया था। यहां उसका परिवार से विवाद हुआ और मारपीट की भी नौबत आई। इसी रंजिश के चलते, रात के समय उसने मंदिर पहुंचकर मूर्तियों को नुकसान पहुंचाया और फरार हो गया।

साबू की पत्नी लंबे समय से मायके में रह रही है, क्योंकि वह अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। लटूरी ने बताया कि बेटी के साथ हो रही हिंसा को लेकर पोहरी थाने में पूर्व में कई शिकायतें दर्ज कराई जा चुकी हैं। बुधवार रात भी उसने घर में तोड़फोड़ की थी।

घटना के बाद गांव में आक्रोश है। ग्रामीणों ने कोलारस थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है, जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गांव में फिलहाल स्थिति शांत है लेकिन लोगों की भावनाएं आहत होने से तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!