Press "Enter" to skip to content

शिवपुरी में पीएम आवास योजना पर उठे सवाल, पात्रों को किया वंचित, आपात्रों के नाम सूची में, एसडीएम से जाँच की मांग / Shivpuri News

शिवपुरी: पोहरी नगर परिषद  के वार्ड क्रमांक 06 संत कबीरदास कटरा मोहल्ला के रहवासी ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री आवास योजना में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए एसडीएम राजस्व पोहरी को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने शिकायत दर्ज कराते हुए कहा कि योजना के सर्वे कार्य में पटवारी एवं वार्ड प्रभारी ने मनमानी करते हुए पात्र परिवारों के नाम सूची से बाहर कर दिए, जबकि संपन्न और आपात्र लोगों के नाम आवास सूची में जोड़ दिए गए हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि वे आज भी कच्चे मकानों में रह रहे हैं और उनके पास न तो पक्का मकान है, न ही दुकान, न मोटर साइकिल और न ही चार पहिया वाहन। इसके बावजूद उन्हें योजना से वंचित कर दिया गया है। दूसरी ओर, जिनके पास पक्के मकान, दुकानें, चार पहिया वाहन और अन्य संपत्तियां हैं, उनके नाम प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में जोड़ दिए गए हैं।

वार्ड क्रमांक 06 के निवासी अजय सूरज दिनेश पप्पू सहित अन्य आपत्ति दर्ज कराने वाले लोगों ने कहा कि“हम गरीब लोग आज भी झुग्गी-झोपड़ी जैसे हालातों में रह रहे हैं। हमारे पास न चार पहिया वाहन हैं, न ही कोई दुकान या बड़ी संपत्ति। लेकिन हमारा नाम सूची में नहीं जोड़ा गया। वहीं, अमीर लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए उन्हें पात्र बना दिया गया है। यह सरासर अन्याय है।”
ग्रामीणों ने मांग की है कि वार्ड क्रमांक 06 में किए गए सर्वे की निष्पक्ष जांच कराई जाए। पात्र हितग्राहियों के नाम प्रधानमंत्री आवास सूची में जोड़े जाएं और जिन आपात्र लोगों के नाम जोड़े गए हैं, उन्हें तुरंत हटाया जाए। साथ ही, सर्वे कार्य में लापरवाही बरतने वाले पटवारी एवं वार्ड प्रभारी पर उचित कार्रवाई की जाए।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वे सामूहिक रूप से आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

पात्र हितग्राही उम्मीद लगाए बैठे हैं कि प्रशासन उनकी समस्या पर ध्यान देगा और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी गरीब हितैषी योजना का लाभ सही लोगों तक पहुंचेगा।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!