शिवपुरी: जिले के भौंती थाने में पदस्थ सब इंस्पेक्टर जितेंद्र जाट ने ‘साका जेल से फरार, पीछे घूमे पीसीआर…’ गाने पर एक गुंडे के साथ रील बनाई। ये रील सोशल मीडिया पर अपलोड हुई तो एसपी अमन सिंह राठौर ने तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया। एसपी ने जांच के आदेश भी दिए हैं।
यह वीडियो एक युवती के इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर किया गया था, जिसमें एसआई जितेंद्र जाट गुंडे के साथ थिरकते नजर आ रहे हैं। वीडियो में उनके सामने एक ड्रिंक भी रखी दिखाई दे रही है, जिसे वायरल करने वालों ने बियर बताया। वीडियो में एक युवक भी नजर आ रहा है, जिसका नाम सॉलिड उर्फ रोहित परिहार बताया जा रहा है। रोहित परिहार भौंती थाने की गुंडा सूची में शामिल है। उस पर कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि एसआई जितेंद्र जाट की सोशल मीडिया पर आपराधिक पृष्ठभूमि के व्यक्ति के साथ सोशल गैदरिंग करते हुए वीडियो वायरल हो रहा है। प्रथम दृष्टया यह आचरण अमर्यादित और सेवा नियमों के खिलाफ पाया गया है। इस पर एसआई को निलंबित कर जांच के आदेश दिए गए हैं।
एसआई जितेंद्र जाट का कहना है कि एक साल पहले भौंती थाना क्षेत्र में कुएं से युवक-युवती की लाश बरामद हुई थी। उस समय मौके पर एक युवती मिली थी, जिसने पुलिस कार्रवाई में सहयोग किया था। बाद में जन्माष्टमी के मौके पर वह युवती अपने साथी के साथ राखी बांधने उनके घर आई थी और तभी उसने यह वीडियो बना लिया था।







Be First to Comment