,

शिवपुरी में युवको ने कान पकड़कर माफी मांगी, केरखो धाम सिद्ध क्षेत्र पर शराब पार्टी का हुआ था वीडियो वायरल / Shivpuri News

शिवपुरी में रविवार (13 जुलाई) को झरने के नीचे बैठकर कुछ युवकों ने पहले शराब पार्टी की। इसके बाद स्थानीय लोगों की नाराजगी के बाद वहीं पर आकर उठक-बैठक लगाई और माफी मांगी। युवकों ने शर्मिंदगी जताते हुए दोबारा ऐसा नहीं करने की बात कही। इसके दोनों ही वीडियो सामने आए हैं।

मामला भौंती थाना क्षेत्र के चौकी खोड़ के ग्राम बीरा स्थित सिद्ध क्षेत्र केरखो धाम का है। तीन दिन पहले इस पवित्र स्थल के झरने के नीचे शराब पार्टी का एक वीडियो सामने आया था। वीडियो में कुछ युवक झरने के नीचे बैठकर शराब पीते नजर आए।

वीडियो में बीरा गांव के रघुवीर पुत्र बिस्सी जाटव, अमित पुत्र मुकेश जाटव, राजकुमार पुत्र लल्लू जाटव सहित अन्य युवक शराब के पैग टकराते दिखाई दिए। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्रीय लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं और उनमें आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने युवकों की इस हरकत पर नाराजगी जताई।

युवकों की हरकत पर स्थानीय लोगों ने पुलिस और प्रशासन से शिकायत कर सख्त कार्रवाई की मांग की। विरोध बढ़ता देख सभी युवक बुधवार (16 जुलाई) को फिर धार्मिक स्थल केरखो धाम पहुंचे। उसी जगह पर कान पकड़कर उठक-बैठक लगाई और सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। युवकों ने अपने किए पर शर्मिंदगी जताते हुए दोबारा ऐसा नहीं करने की बात कही।