,

बिलरऊ नदी के चेक डैम पर मछली पकड़ते समय फिसला युवक का पैर, तेज बहाव में बहा, आधे घंटे बाद मिला शव / Shivpuri News

शिवपुरी: जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के छितीपुर गांव में बिलरऊ नदी पर मछली पकड़ने गए 55 वर्षीय गिरबल पिता हरभान लोधी की डूबने से मौत हो गई। घटना शनिवार सुबह की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार को गिरबल अपने भाई के साथ सुबह 5 बजे नदी पर मछली पकड़ने पहुंचा था। सुबह 7 बजे वह चेक डैम पर खड़े होकर मछली पकड़ रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह पानी में गिर गया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि गिरबल को तैरना आता था। लेकिन उस समय नदी में तेज बहाव था। पानी में बौर बन गई थी, जिसमें वह फंस गया। करीब आधे घंटे की खोजबीन के बाद उसका शव गांव से आधा किलोमीटर दूर नदी में मिला।

परिजन उसे तुरंत झांसी ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर दिनारा थाना पहुंचे। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।