,

विवाहिता की जहर खाने से हुईं मौत, परिजनों ने लगाया मारपीट कर जहर खिलाने के आरोप, पति सहित चार पर केस की मांग / Shivpuri News

शिवपुरी: जिले के इंदार थाना क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना का गंभीर मामला सामने आया है। यहां 28 वर्षीय विवाहिता रानी उर्फ रानो रघुवंशी की मौत जहर खाने से हो गई। मायका पक्ष का आरोप है कि ससुराल वालों ने दहेज के लिए उसे जबरन जहर खिलाकर हत्या कर दी।

रानी की शादी फरवरी 2020 में विशाल रघुवंशी से हुई थी। भाई बालिस्टर रघुवंशी ने बताया कि पहले 10 लाख रुपए धर्मकांटा खोलने के लिए दिए गए। दो महीने पहले कार मांगी गई, तो वेन्यू कार दिला दी गई। अब चार लाख रुपए और मांगे गए थे।

परिजनों के मुताबिक, रुपए नहीं देने पर पति विशाल, सास रामवती, ससुर राजेश और ननद विशाखा ने मारपीट कर जबरन जहर दे दिया। रानी को गुना जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।


शनिवार को शव का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद परिजन रानी का शव लेकर इंदार थाने पहुंचे और हत्या का केस दर्ज करने की मांग की।

इंदार थाना प्रभारी दिनेश नरवरिया ने बताया कि मर्ग गुना में कायम किया गया है। मर्ग डायरी और पीएम रिपोर्ट आने के बाद बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।