शिवपुरी: नगर पालिका के सफाई कर्मियों की सात दिन से चल रही हड़ताल सोमवार की शाम को समाप्त हो गई। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के मंगलवार को होने वाले शिवपुरी दौरे से पहले प्रशासन और कर्मचारियों के बीच सहमति बन गई।
कर्मचारी 25 सूत्रीय मांगों को लेकर पिछले सात दिनों से नगर पालिका परिषद में धरने पर बैठे थे। उनकी प्रमुख मांगों में एनपीएस (नई पेंशन योजना) में 70 लाख रुपए के कथित घोटाले की जांच, कर्मचारियों के तबादलों पर रोक और हटाए गए कर्मियों की बहाली शामिल थी।
हड़ताल के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा, सीएमओ इशांत धाकड़, शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन और पोहरी के कांग्रेसी विधायक कैलाश कुशवाह ने कई बार कर्मचारियों से वार्ता की, लेकिन सहमति नहीं बन पाई थी। सोमवार शाम को एक बार फिर वार्ता हुई, जिसमें कई मांगें मान ली गईं।
वाल्मीकि समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष कमल किशोर कोड़े के अनुसार, सीएमओ द्वारा किए गए सफाई कर्मचारियों के सभी तबादले वापस ले लिए गए हैं। साथ ही, अनुपस्थिति के कारण हटाए गए कर्मियों को बहाल कर दिया गया है। लंबित पांच अनुकंपा नियुक्तियों में से तीन को मंजूरी दी गई है। एनपीएस घोटाले की जांच शीघ्र करने का आश्वासन भी दिया गया है।
समझौते के बाद सफाई कर्मचारी श्रम नियमों के अनुसार प्रतिदिन 8 घंटे काम करेंगे। हड़ताल समाप्त होते ही कर्मचारी सोमवार रात से ही अपने कार्य पर लौट आए हैं। मंगलवार को केंद्रीय मंत्री सिंधिया शिवपुरी में रोड शो सहित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

Be First to Comment