,

माधव टाइगर रिजर्व के पास बरेठ गांव की झोपड़ी में घुसकर 4 बकरियों को मारा, एक घायल, तेंदुए के हमले की आशंका / Shivpuri News

शिवपुरी: माधव टाइगर रिजर्व से सटे बरेठ गांव में जंगली जानवर ने रात को किसान की झोपड़ी में घुसकर बकरियों पर हमला कर दिया। इस हमले में चार बकरियों की मौत हो गई। एक बकरी का बच्चा गंभीर रूप से घायल हुआ है।

किसान वीर सिंह गुर्जर ने बताया कि वे रोजाना की तरह बकरियों को झोपड़ी में बंद कर सोने गए थे। रात करीब साढ़े बारह बजे आंधी-तूफान के कारण उनकी नींद खुली। उन्होंने जरूरी सामान को सुरक्षित किया। बकरियां उस समय सुरक्षित थी।

कुछ देर बाद बकरियों के चिल्लाने की आवाज आई। बाहर निकलकर देखा तो कुछ बकरियां घायल थीं। कुछ ने कुछ ही देर में दम तोड़ दिया। एक तेंदुआ बकरी के बच्चे को जबड़े में दबाकर भाग रहा था।

ग्रामीणों का कहना है कि टाइगर रिजर्व में बाघों की मौजूदगी के कारण तेंदुए जंगल से बाहर आकर गांवों में शिकार कर रहे हैं। रिजर्व से सटे गांवों के किसान अपनी जान और माल की सुरक्षा को लेकर भयभीत हैं।

रात में खेतों की ओर जाने वाले ग्रामीणों को हर समय खतरा रहता है। टॉर्च और सावधानियों के बावजूद जंगली जानवरों का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने पार्क प्रबंधन और जिला प्रशासन को सुरक्षा के लिए शिकायत दी है।