Press "Enter" to skip to content

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने खुद को बताया मकड़ी: रावत समाज के सम्मेलन में बोले- मैं गुना, शिवपुरी का मकड़ी हूँ, पढ़िए खबर / Shivpuri News

शिवपुरी के पडोरा में आयोजित रावत समाज के सम्मेलन में उन्होंने कहा कि मैं गुना-शिवपुरी का मकड़ी हूँ। जिस तरह मकड़ी जाल बनाती है, मैंने भी सड़कों का जाल बिछाया है।

बता दें कि केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया गुना लोकसभा क्षेत्र के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। आज सुबह अपने शिवपुरी आवास बॉम्बे कोठी में जनसंपर्क करने के बाद पडोरा में रावत समाज द्वारा आयोजित सम्मेलन में भाग लिया। इसके बाद अशोकनगर जिले के ईसागढ़ में यादव समाज के सम्मेलन में वह शामिल हुए। इस कार्यक्रम में CM मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा भी मौजूद रहे। इसके बाद वह गुना में आयोजित रघुवंशी समाज के होली मिलन कार्यक्रम में शामिल होंगे।

रावत समाज के सम्मेलन में उन्होंने कहा कि रावत समाज से मेरा पारिवारिक सम्बंध है। आज इस कार्यक्रम में आकर मैं अपने आपको सौभाग्यशाली समझता हूँ। रावत समाज ने माँ भारती की खूब सेवा की है। अस्त्र और शस्त्र को पूजता है। रावत समाज ने खून और पसीने से इस भूमि को सींचा है और वीरता और बलिदान का प्रतीक है। रावत समाज ने मराठाओं के साथ मिलकर युद्ध लड़कर मुग़लों की विदाई की थी। आज समाज सेवा क्षेत्र, शिक्षा, कृषि व देश सेवा के लिए सैनिक बनकर रावत समाज के युवा काम कर रहे हैं।

खुद को बताया मकड़ी केंद्रीय मंत्री ने अपने भाषण में कहा कि मैं गुना शिवपुरी की मकड़ी हूँ। मकड़ी क्या करती है…जाल बनाती है। इसी तरह मैंने भी सड़कों का जाल बनाया है। मनिखेड़ा से पानी, नहर, कोलारस से बामोरी तक सड़क बनाई। यहाँ से राजस्थान बॉर्डर तक सड़क बनाई। ग्वालियर से शिवपुरी, गुना होते हुए देवास ताज 450 किलोमीटर का फोरलेन हाइवे बनाया। आज पढोरा को तीनो तरफ़ से मैंने हाईवे से घेर दिया है। मैंने हर वो काम किया जो आपने कहा और वो भी किया जो आपने नहीं भी कहा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आगामी 7 मई को संग्राम करना है। यह नए जमाने का युद्ध है जिसमें तलवार नहीं ईवीएम का बटन दबाना है और करेंट से विरोधियों को परास्त करना है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नारा दिया है अबकी बार 400 पार। इसे पूरा करने के लिए हमें शिवपुरी, गुना और अशोकनगर के हर बूथ पर 370 वोट बढ़ाना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कश्मीर को धारा 370 से मुक्त किया है और हमें भी हर बूथ पर 370 वोट बढ़ाने हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हमारे किसान भाइयों को किसान सम्मान निधि , बहनों के लिए लाड़ली लक्ष्मी योजना, लाड़ली बहना योजना, 80 करोड़ लोगों को निशुल्क अनाज की व्यवस्था की है। आयुष्मान भारत से निशुल्क इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी है कि हर हितग्राही को योजना का लाभ मिले और 2047 तक विकसित भारत का निर्माण हो। अयोध्या में प्रभु श्री राम जी ने अपने महल में 500 साल बाद होली मनाई है। आगामी 4 जून को हमें पुनः होली मनानी है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!