
रायपुर। बरसात के मौसम में यदि आप फलदार पौधे लगाना चाहते हैं तो आपको पौधों के लिए भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी। क्योंकि वन विभाग घर बैठे मुफ्त में फलदार पौधे उपलब्ध करा रहा है। रायपुर में इस योजना की शुरुआत शुक्रवार से कर दी गई। वन विभाग शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में चार से पांच फलदार पौधे उपलब्ध कराएगा।
शुक्रवार को वन मंत्री मोहम्मद अकबर ने हरियाली प्रसार योजना की गाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर अकबर ने कहा कि अब पौधरोपण करने के इच्छुक नागरिकों को नर्सरी या अन्य जगह जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्हें घर में ही पौधे प्राप्त हो जाएंगे, इसका कोई शुल्क भी नहीं लगेगा।
बस एक फोन करने की जरूरत पड़ेगी। वन विभाग इच्छुक नागरिकों को, जिनके घर में या आसपास पौधे रोपने की जगह हो, उन्हें घर जाकर पौधे दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह योजना पूरे प्रदेश में लागू की जाएगी। हर जिले में इसी तरह का एक वाहन उपलब्ध कराया जाएगा और घर में पौधे पहुंचाने की सेवा दी जाएगी।
वन विभाग के अधिकारी ने बताया कि हरियाली प्रसार योजना के तहत ग्रामीण अंचलों में पौधरोपण करना है। इसके लिए वन मंत्री ने हरियाली प्रसार वाहन की शुरुआत माना स्थित तूता नर्सरी से की। वाहन गांव-गांव में जाकर व्यापक प्रचार प्रसार कर लोगों को ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाने व उनकी देखभाल करने को प्रेरित करेगा
वर्तमान प्रदेश सरकार वनों का प्रबंधन, सुरक्षा, सरकारी भूमि पर पौधरोपण, औषधीय उद्यानों के विकास के लिए कई काम कर रही है। प्रदेश को हरा-भरा करने और वातावरण को स्वच्छ रखने के उद्देश्य से इसकी शुरुआत की गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की सहभागिता से अधिक से अधिक पौधे लगाने हैं।
पांच सौ किसानों का आया आवेदन
वन विभाग के पास हरियाली प्रसार योजना के तहत 500 किसानों ने पौधे लगाने के लिए आवेदन किया है। एक किसान को करीब पांच हजार नीलगिरी के पौधे मुफ्त में वन विभाग द्वारा उपलब्ध कराया जाएगा।
50 हजार फलदार पौधे बांटने का लक्ष्य
वन विभाग ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र में करीब 50 हजार फलदार पौधे मुफ्त बांटने का लक्ष्य रखा है। लोगों को पौधे मुफ्त में उपलब्ध कराए जाएंगे। आम, अमरूद, आंवला, पपीता, नींबू, अमरूद, जामुन, शिशु, करंज, मोहगनी, अर्जुन, कचनार, नीम, कुल्लू, झारूल, आम, कटहल, महुआ, बांस इत्यादि के पौधे देंगे। वन विभाग के अधिकारी ने बताया कि शहर में जिनको पौधे की आवश्यकता है तो वह रायपुर स्थित वन विभाग के अधिकारी से 7587011101, 7587011110, 7587011100, 7587011622 नंबर पर फोन करके मुफ्त में पौधे ले सकते हैं।
– शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में फलदार पौधे बांटने का लक्ष्य रखा गया है। रायपुर में शुक्रवार से इसकी शुरुआत कर दी गई। घर-घर जाकर पौधे दिए जाएंगे। उसके बाद भी यदि किसी को जरूरत है तो दिए गए नंबर पर फोन करके पौधे ले सकता है



