रायपुर

छत्तीसगढ़ में राहुल गांधी की भारत न्याय यात्रा के दौरान राहुल गांधी हसदेव भी जा सकते हैं। यहां जंगल कटाई लगातार बड़ा मुद्दा रहा है। राहुल हमेशा ही अपने भाषणों में हसदेव का जिक्र करते रहे हैं। ऐसे में संभावना है कि वो हसदेव जाएंगे और वहां लोगों से मुलाकात करेंगे। प्रदेश में कुल 5 दिनों तक 536 किलोमीटर तक की यात्रा राहुल करने वाले हैं।
भारत न्याय यात्रा की शुरुआत 14 जनवरी से मणिपुर से होगी जो मुंबई तक जाएगी। नए प्रभारी सचिन पायलट के छत्तीसगढ़ दौरे के बाद फाइनल रोडमैप तय होगा। जल्द ही सारे नेता बैठक कर रूट को लेकर चर्चा करेंगे।

भारत न्याय यात्रा का रोडमैप।
18 फरवरी तक छत्तीसगढ़ प्रवेश करेगी यात्रा
14 जनवरी को शुरू होने वाली यह यात्रा लगभग 1 महीने बाद छत्तीसगढ़ में प्रवेश कर सकती है। संभावना है कि 18 फरवरी के आसपास ये यात्रा ओडिशा से होते हुए रायगढ़ से प्रदेश में प्रवेश करेगी। 5 दिनों तक चलने वाली इस यात्रा में बलरामपुर होते हुए राहुल सोनभद्र से उत्तरप्रदेश में प्रवेश करेंगे।
छत्तीसगढ़ में लोकसभा की कुल 11 सीटें हैं, जिनमें से केवल 2 सीट ही कांग्रेस के पास है। पार्टी को आस है कि इस यात्रा के बाद प्रदेश में पार्टी की सीटें बढ़ सकती हैं।

हसदेव में जंगल की कटाई का वहां के लोग लगातार विरोध कर रहे हैं।
प्रदेश में कुल 11 लोकसभा सीटें
सरगुजा (अ.ज.जा.)
रायगढ़ (अ.ज.जा.)
जांजगीर चांपा (अ.जा.)
कोरबा (सामान्य)
बिलासपुर (सामान्य)
राजनांदगांव (सामान्य)
दुर्ग (सामान्य)
रायपुर (सामान्य)
महासमुंद (सामान्य)
बस्तर (अ.ज.जा.)
कांकेर (अ.ज.जा.)
इन जिलों में जा सकती है यात्रा
रायगढ़, सक्ती, जांजगीर-चांपा, कोरबा, अंबिकापुर, सूरजपुर और बलरामपुर ये वो 7 जिलें हैं जहां से यात्रा गुजर सकती है। हालांकि अभी छत्तीसगढ़ के लिए फाइनल रोडमैप आना बाकी है।
4 लोकसभा कवर करेगी यात्रा
राहुल की यात्रा लोकसभा चुनाव से ठीक पहले हो रही है। ऐसे में यात्रा का फोकस है कि ज्यादा से ज्यादा लोकसभा की सीटों को कवर किया जाए। छत्तीसगढ़ की रायगढ़, जांजगीर, कोरबा और सरगुजा लोकसभा सीटों से यह यात्रा गुजर सकती है। वहीं देश भर में 100 लोकसभा सीटों पर राहुल यात्रा करने वाले हैं।
67 दिन | 110 जिला | 100 लोकसभा | 337 विधानसभा
मणिपुर | 107 किमी | 4 जिला नगालैंड | 257 किमी | 5 जिला असम | 833 किमी | 17 जिला अरुणाचल प्रदेश | 55 किमी | 1 जिला मेघालय | 5 किमी | 1 जिला पश्चिम बंगाल | 523 किमी | 7 जिला बिहार | 425 किमी | 7 जिला झारखंड | 804 किमी | 13 जिला उड़ीसा | 341 किमी | 4 जिला छत्तीसगढ़ | 536 किमी | 7 जिला उत्तर प्रदेश | 1,074 किमी | 20 जिला मध्य प्रदेश | 698 किमी | 9 जिला राजस्थान | 128 किमी | 2 जिला गुजरात | 445 किमी | 7 जिला महाराष्ट्र | 480 किमी | 6 जिला यात्रा की दूरी: 6,700 KM से ज्यादा
छत्तीसगढ़ में राहुल की पहली यात्रा
छत्तीसगढ़ में राहुल गांधी की यह पहली यात्रा होगी। इससे पहले राहुल गांधी ने साल 2023 में भारत जोड़ो यात्रा की थी, लेकिन वो यात्रा मध्यप्रदेश से आगे बढ़ गई थी और छत्तीसगढ़ नहीं आई थी। इस बार यात्रा प्रदेश के 5 लोकसभा सीटों से होकर गुजरेगी।
14 जनवरी से शुरू होगी यात्रा
भारत न्याय यात्रा 14 जनवरी 2024 से मणिपुर से शुरू होकर 20 मार्च को मुंबई में खत्म होगी। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे इस यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे। भारत न्याय यात्रा का मकसद आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक न्याय है।
सियासी मकसद से ज्यादा राहुल के लुक और टी-शर्ट की चर्चा
इससे पहले राहुल गांधी ने कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा की थी। राहुल के इस सफर में सियासत से ज्यादा उनका लुक चर्चा में रहा। कन्याकुमारी में 7 सितंबर को यात्रा की शुरुआत के समय राहुल के चेहरे पर हल्की दाढ़ी थी।
करीब 5 महीने बाद उनकी शक्ल पूरी तरह बदल चुकी थी। चेहरे पर घनी दाढ़ी थी, तो सिर के बाल भी बढ़े हुए थे। इधर, राहुल की सफेद टी-शर्ट भी चर्चा में रही, जिसे पहनकर वे कड़ाके की सर्दी में भी चलते नजर आए थे।



