बैराड़-नगर परिषद के वार्ड 12 नगर परिषद के पीछे वाले आम रास्ते पर हमेशा कीचड़ फैला रहता है। इस कारण रहवासी परेशान हैं। बस्ती में नालियां नहीं हैं, इससे घरों से निकलने वाला पानी आम रास्ते में फैला रहता है। इससे लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही है। कई जगह नालियों के अभाव में पानी फैलने से कीचड़ हो जाता है। इस कीचड़ में कई बार बच्चे फिसलकर चोटिल हो जाते हैं। नगर परिषद भी इस तरफ ध्यान नहीं दे रही है।
वार्ड के रहवासी मनीष योगी का कहना है कि मोहल्ले में आम रास्ते में पाइप लाइन डालने के लिए खोदा गया था, परन्तु पाइप लाइन डालने के बाद न तो गली की मरम्मत करवाई गई, न मिट्टी हटाई गई। इस कारण थोड़ा-सा पानी फैलने से कीचड़ हो जाता है। कॉलोनी में कहीं से भी निकलो, कीचड़ व नालियों की दुर्गंध का सामना करना आम बात हो गई है। इससे लोगों में बीमारियां फैलने का अंदेशा बना रहता है। नालियों का रुका हुआ पानी भी समस्या बढ़ा रहा है। नगर परिषद का ध्यान रोड तथा नाली निर्माण की ओर कई बार आकृष्ट किया गया, लेकिन कान पर जूं तक नहीं रेंगी। नगर परिषद सीएमओ को नगर परिषद के वार्डो से कोई सरोकार नहीं है। वार्ड में चहुंओर गंदगी का साम्राज्य है। कॉलोनी के रहवासी परेशान है। कॉलोनी का अभी तक सही ढंग से विकास नहीं हो पाया है।
समय पर नहीं होती सफाई
विवेक शर्मा ने बताया कि बस्ती में समय पर नालियों की सफाई नहीं होती। और नाही नालिया बनाई गई है नाली न होने के कारण गंदा और बदबूदार पानी जाम हो रहा हैं। घरो का पानी बाहर बहने लगता है। वहीं कई जगह फैली गंदगी से भी रहवासियों को परेशानी होती है। उन्होंने स्वच्छता अभियान के तहत कॉलोनियों की नालियों की सफाई कराने की मांग की है।




