,

13 नवंबर को पिछोर आएंगे मुख्यमंत्री मोहन यादव, लाड़ली बहनों के खातों में करेंगे नवंबर की राशि ट्रांसफर; 12 से 14 नवंबर तक शिवपुरी में रहेंगे सिंधिया / Shivpuri News

शिवपुरी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रस्तावित शिवपुरी दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 13 नवंबर को विकासखंड पिछोर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान वे लाड़ली बहना योजना की हितग्राही महिलाओं के खातों में नवंबर माह की अनुदान राशि का अंतरण करेंगे। वहीं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया 12 से 14 नवंबर तक जिले के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

प्रस्तावित कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपते हुए सभी व्यवस्थाएं समय सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के लिए छत्रसाल स्टेडियम में राज्य स्तरीय लाड़ली बहना राशि अंतरण कार्यक्रम आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। कलेक्टर ने मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, पेयजल, अस्थायी शौचालय, बिजली, सुरक्षा और पार्किंग सहित अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री के प्रवास के दौरान यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए। आमजन के आवागमन और वाहनों की पार्किंग के लिए पर्याप्त इंतजाम किए जाएं।

उन्होंने सभी विभागों को सौंपे गए कार्यों की चेकलिस्ट तैयार कर प्रभारी अधिकारी एवं जिला पंचायत सीईओ से अनुमोदित कराने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यक्रम से एक दिन पहले अधिकारियों को अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने को कहा।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ विजय राज, अपर कलेक्टर दिनेश चंद्र शुक्ला, समस्त जनपद सीईओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।