शिवपुरी। जिले के करैरा थाना क्षेत्र के ग्राम झंडा में सशस्त्र सीमा बल (SSB) के जवान रणजीत सिंह तोमर के घर हुई चोरी के मामले में अब उनकी पत्नी रीना तोमर ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर निष्पक्ष जांच और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।
एसएसबी की 25वीं वाहिनी में तैनात रणजीत सिंह तोमर वर्तमान में श्रीनगर (कश्मीर) में पदस्थ हैं। जानकारी के अनुसार, 1 नवंबर 2026 की रात अज्ञात चोरों ने उनके घर के कमरे और अलमारी के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर लिए थे।
चोरी गए सामान में करीब 15 तोला सोना और लगभग 500 ग्राम चांदी के आभूषण सहित सोने के हार, अंगूठियां, चेन, चूड़ियां, मंगलसूत्र, पायल, करधनी और बच्चों के आभूषण शामिल बताए गए हैं। इसके अलावा प्लॉट की मूल रजिस्ट्री, एनपीएस पेंशन कार्ड, बैंक पासबुक, बीमा दस्तावेज, बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र और आधार कार्ड भी चोरी होने की बात कही गई है।
रणजीत सिंह तोमर का आरोप है कि परिवार ने पुलिस को करीब 15 तोला सोना और 500 ग्राम चांदी चोरी होने की जानकारी दी थी, लेकिन FIR में चोरी गए सामान की कुल कीमत महज 1 लाख 20 हजार रुपये दर्शाई गई। वहीं, समाचार पत्रों में चोरी की कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई गई थी। आवेदन में पुलिस पर परिवार को गुमराह करने और चोरी गए सामान की वास्तविक कीमत कम दर्ज करने का आरोप लगाया गया है।
इस मामले में थाना करैरा में अपराध क्रमांक 782/26 के तहत धारा 331(4) और 305(ए) बीएनएस में प्रकरण दर्ज है। 3 नवंबर को जवान और उनकी पत्नी के बयान भी दर्ज किए गए थे। परिवार ने चोरी गए सामान की सूची और उपलब्ध फोटो प्रतियां भी पुलिस को सौंपी हैं।
10 नवंबर को पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में रणजीत सिंह तोमर ने मामले की गंभीरता से जांच कराने, अज्ञात आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी करने, चोरी गए आभूषण और दस्तावेज बरामद कराने तथा घटनास्थल के आसपास के CCTV फुटेज की जांच कराने की मांग की है।
करैरा में SSB जवान के घर 25 लाख की चोरी का मामला: पत्नी ने SP से लगाई गुहार, बोलीं- FIR में महज 1.20 लाख की कीमत दर्शाई / Shivpuri News



