
पोहरी के ग्राम दुल्हारा में विभिन्न विभागों द्वारा समन्वय शिविर का आयोजन
शिवपुरी/ पोहरी विकासखंड के ग्राम दुल्हारा में विभिन्न विभागों के समन्वय से शिविर का आयोजन किया गया। लोक निर्माण विभाग राज्यमंत्री श्री सुरेश धाकड़ राठखेड़ा ने कन्या पूजन कर इस शिविर का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में एसडीएम जे.पी.गुप्ता, जनपद पोहरी सीईओ श्री शैलेन्द्र आदिवासी, जनपद उपाध्यक्ष श्री अरविंद धाकड़, सरपंच रामहेत आदिवासी, केशव सिंह, ब्रजमोहन धाकड़, विजय यादव एवं महिला एवं बाल विकास के परियोजना अधिकारी श्री नीरज सिंह गुर्जर सहित हितग्राही एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।
शिविर को संबोधित करते हुए मंत्री श्री धाकड़ ने कहा कि आमजन को शासन की योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए। इसके लिए ग्रामों में शिविर का आयोजन किया जा रहा है। आगे भी इस प्रकार के शिविर विभिन्न गांव में लगाए जाएंगे ताकि गांव की जनता को कार्यालय में जाकर परेशान ना होना पड़े। उन्हें उन्हीं के गांव में ही योजनाओं का लाभ मिले।
राज्यमंत्री सुरेश धाकड़ राठखेड़ा ने कहा कि शासन द्वारा दिए गए निर्देशानुसार दिन निर्धारित कर पटवारी ग्राम पंचायत मुख्यालय पर पहुंच रहे हैं ताकि ग्रामीणों की राजस्व संबंधी समस्याओं का निराकरण किया जा सके। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125 भी जयंती के उपलक्ष में नमन करते हुए कहा कि देश की आजादी में सुभाष चंद्र बोस का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि युवा पीढ़ी अपने लिए सही मार्ग चुने। नशा आदि बुराइयों से हमारे युवा दूर रहें और अपने लिए एक अच्छा विकास का मार्ग चुनें।
शिविर में इनको मिला लाभ
ग्राम दूल्हारा में आयोजित विभागों के सहयोग से कन्वर्जेन्स शिविर में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के लाभांवित हितग्राहियों में मंजू धाकड़, रूचि चिड़ार, अंजली कुशवाह, वर्षा आदिवासी, कृष्णा धाकड़ को पांच-पांच हजार रूपए सहायता राशि प्रदाय की गई है।
इसी प्रकार लाड़ली लक्ष्मी योजना से बालिका उत्तरा आदिवासी, जानवी आदिवासी, रूतवी धाकड़, तमन्या शर्मा, गुडिया चिड़ार एवं वैष्णवी ओझा को लाभांवित किया गया। प्रतिभा सम्मान योजना के तहत कक्षा 12वीं में कु.भावना पुत्री केदारीलाल ने 89.3 प्रतिशत एवं कु.पूनम पुत्री गजेन्द्र धाकड़ ने 96.7 प्रतिशत अंक तथा कक्षा 10वीं में कु.छाया एवं अनेक धाकड़ उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने आमजन की समस्याओं को सुना और उनका निराकरण किया।






Be First to Comment