गाड़ी में भरकर आए 20 किन्नरों पर पांच तौले की चैन और 3 लाख लूटने के भी आरोप
शिवपुरी-नरवर। नरवर की एक किन्नर पर ग्वालियर के किन्नरों ने गत दिवस हमला कर दिया। एक वाहन में 20 से अधिक किन्नर भरकर आए और नरवर िस्थत खटीक मोहल्ले में रहने वाली किन्नर पर हमला बोल दिया। गनीमत यह रही कि एन मौके पर पड़ोस में रहने वाले लोगों ने किसी तरह उसे बचा लिया जिससे बड़ी घटना टल गई। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई जिसके केस दर्ज कर हमलावरों की तलाश की जा रही है। किन्नर को इलाज के लिए नरवर के अस्पताल ले जाया गया।
जानकारी के अनुसार अनीता किन्नर (60) निवासी वार्ड नं. 13 खटीक मोहल्ला में रहती हैं। अनीता ने पुलिस को बताया कि विगत सुबह जब अपने घर पर खाना खा रही थी इसी दौरान तीन गाड़ियां उसके दरवाजे पर आकर रूकीं। इसमें से नेहा निवासी सीहोनी ग्वालियर, रजनी शिंदे की छावनी, पलक किन्नर निवासी मुरार के साथ करीब 20 किन्नर सहित अन्य लोग घर में घुस आए। आते ही बोले हमारे साथ चलो। जब मैंने साथ जाने से इंकार किया तो हमला कर दिया। मारने-पीटने की आवाज सुनकर मेरे पड़ोसी मुरारीलाल खटीक ने और लोगों को आवाज दी और मुझे बचाने आए। इस मारपीट के दौरान अनीता को चोट आई ओर उसका कहना है कि ये सभी मिलकर पांच तौले की चैन और 3 लाख लूट कर ले गए। घटना के बाद अनीता थाने पहुंची और मामले की जानकारी दी जिसके बाद पुलिस ने विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
इनका कहना है
मामले को लेकर हमने फरियादी की शिकायत पर विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर मारपीट करने वाले आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
उपेंद्र दुबे, थाना प्रभारी नरवर




